शहर के चर्चित ITI गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं चारों आरोपी, एसएसपी ने अपनाया सख्त रुख
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आने के बाद नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों को घटना की शिकायत मिलने के महज छह घंटे के भीतर हिरासत में लेकर बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, बीती देर रात पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली मुखानी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि चार युवकों ने नाबालिग बच्ची को डराने-धमकाने और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लिया और मुखानी पुलिस को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए चारों युवक शहर में चर्चित बताए जा रहे ITI गैंग के सदस्य हैं। मामले में एसएसपी स्वयं पुलिस कार्रवाई की निगरानी कर रहे थे।
बाल अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के विरुद्ध अपराध करने वालों के साथ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस प्रकार के गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
