हल्द्वानी – ऑनलाइन पोर्टल पर नागरिक स्वयं भर सकेंगे फॉर्म, स्वगणना के लिए पूछे जाएंगे 40 सवाल; फॉर्म जमा होने पर मिलेगी 11 अंकों की विशिष्ट आईडी

16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना, 30 नवंबर तक चलेगा अभियान, जनपद में 15 हजार लोगों का लक्ष्य निर्धारित

 

ऑनलाइन पोर्टल पर नागरिक स्वयं भर सकेंगे फॉर्म, स्वगणना के लिए पूछे जाएंगे 40 सवाल; फॉर्म जमा होने पर मिलेगी 11 अंकों की विशिष्ट आईडी

 

हल्द्वानी, 14 नवंबर। जनगणना के तहत स्वगणना अभियान 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल “https://se.census.gov.in” (https://se.census.gov.in) पर जाकर अपनी स्वगणना कर सकेंगे। स्वगणना प्रक्रिया के तहत कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। जनपद में कम से कम 15 हजार लोगों की स्वगणना कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

 

स्वगणना कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि स्वगणना की प्रक्रिया को बेहद सरल और सहज बनाया गया है, ताकि प्रत्येक नागरिक बिना किसी भय या संकोच के स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भर सके।

 

सीडीओ ने नागरिकों से अपील की कि स्वगणना करने से पहले पोर्टल के प्रारंभिक पृष्ठ (लैंडिंग पेज) पर उपलब्ध प्रश्नावली को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और आवश्यक जानकारियां पहले से तैयार रखें। इससे फॉर्म भरने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फॉर्म भरने के लिए जरूरी दस्तावेजों एवं जानकारियों के संबंध में आमजन को पहले से जागरूक करने के निर्देश भी दिए।

 

उन्होंने बताया कि स्वगणना फॉर्म में भाषा का चयन सोच-समझकर करें, क्योंकि एक बार भाषा का सफलतापूर्वक चयन करने के बाद उसे बदला नहीं जा सकेगा। वहीं, फॉर्म सफलतापूर्वक भरकर जमा करने के बाद ‘P’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट स्वगणना आईडी (SE ID) प्राप्त होगी।

 

सीडीओ ने लक्ष्य प्राप्ति के लिए ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, शिक्षा, होमगार्ड्स और पुलिस विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों और विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों की सूचना कम से कम एक दिन पहले उपलब्ध कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने वाले नागरिकों को भी स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाए। प्रत्येक प्रशिक्षित कार्मिक कम से कम 10 अन्य लोगों को स्वगणना के लिए प्रशिक्षित करे। साथ ही प्रशिक्षण एवं जागरूकता गतिविधियों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी सुरेश आर्य, अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कमल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।